इसलिए कमाया जाता है जरूरत से अधिक धन ?
बिलासपुर-न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकिशोर नगर में देर रात जन्मदिन के जश्न के दौरान जमकर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तेज आवाज में नगाड़े बजाने और लगातार पटाखे फोड़ने का विरोध करने पर महासमुंद में पदस्थ एक न्यायाधीश और उनके परिजनों के साथ अभय बरुआ तथा उसके साथियों ने मारपीट की। घटना में न्यायाधीश की पत्नी और साले को चोटें आई हैं। मामले में सरकंडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
:
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रफुल्ल कुमार सोनवानी महासमुंद के कुटुंब न्यायालय में न्यायाधीश के पद पर पदस्थ हैं। 31 अक्टूबर 2026 को वे पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अवकाश लेकर अपने परिवार के साथ ससुराल राजकिशोर नगर पहुंचे थे। रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज में नगाड़े बजने और पटाखे फूटने लगे। लगभग 45 मिनट तक जारी शोर से घर में मौजूद बच्चे और बुजुर्ग भी घबरा गए।
:
स्थिति देखने के लिए प्रफुल्ल कुमार सोनवानी नीचे पहुंचे। वहां गली में करीब 100 से 200 लोगों की भीड़ मौजूद थी। आरोप है कि अभय बरुआ और उसके साथी जन्मदिन का जश्न मना रहे थे। प्रार्थी ने जब नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने से मना किया तो आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी गई।
:
परिजनों को बचाने पहुंचे प्रफुल्ल की पत्नी आकांक्षा, साले अभिषेक भारद्वाज, सास नीरा भारद्वाज और साले की पत्नी गुरप्रीत कौर भारद्वाज के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। इस दौरान प्रार्थी की शर्ट का बटन टूट गया, जबकि पत्नी और साले का चश्मा निकाल लिया गया। आकांक्षा के दाहिने हाथ की भुजा के पास चोट आई, वहीं अभिषेक के सिर, सीने और गले में चोट लगने की शिकायत की गई है।
:
शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अभय बरुआ और उसके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस पूरे मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। अभय बरूआ की शिकायत पर पुलिस ने न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी, आकांक्षा सोनवानी और अभिषेक भारद्वाज के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। यानी जन्मदिन के जश्न से शुरू हुआ विवाद अब दोनों पक्षों की पुलिस शिकायत तक पहुंच गया है। फिलहाल सरकंडा पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।

